श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र के नलिया बाखल में बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे कुछ लोगों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें कुछ लोग युवक से विवाद कर उस पर चाकू से हमला कर रहे हैं। चाकूबाजी के बाद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया और ई रिक्शा भी फोड़ दी। पुलिस ने दो नाबालिग सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
मृतक के स्वजन ने आरोपियों के घरों को तोड़ने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मोहित पुत्र प्रेमनारायण मंसोरिया उम्र 18 वर्ष निवासी रविशंकर नगर का बुधवार रात को नलिया बाखल क्षेत्र में कुछ लोगों से विवाद हो गया था। इस दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया है।
आरोपियों के घरों को तोड़ने की मांग
मोहित के जीजा दीपक ने पुलिस को बताया कि मोहित को कुछ लोगों ने फोन लगाकर बुलाया था। मोहित दो साल पूर्व नलिया बाखल क्षेत्र में ही किराए के मकान में रहता था। कुछ समय पूर्व वह रविशंकर नगर में रहने चला गया था। मृतक हार-फूल बेचने, होटलों में कमरे लगाने सहित अन्य काम करता था।
बुधवार रात को उसे किसी ने फोन कर नलिया बाखल बुलाया था। जहां उस पर चाकू से हमला किया गया है। सभी आरोपितों के मकान तोड़ने को लेकर भी स्वजन ने पीएम कक्ष के बाहर पुलिस से नोकझोंक की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।







