SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » 75 लाख की चोरी के बाद एक और बड़ी वारदात, सूने घर से उड़ाया लाखों का सामान, सवालों के घेरे में पुलिस

75 लाख की चोरी के बाद एक और बड़ी वारदात, सूने घर से उड़ाया लाखों का सामान, सवालों के घेरे में पुलिस

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रिटायर शिक्षक के घर हुई 75 लाख की चोरी के बाद अब बदौडी गांव में दिनदहाड़े लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में कोटरी गांव में रिटायर शिक्षक के घर हुई करीब 75 लाख रुपये की चोरी का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। इसी बीच अब बदौडी गांव में दिनदहाड़े एक और बड़ी चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त और कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार बदौडी गांव निवासी तारावती सिंह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तबीयत खराब होने के कारण अपने देवर के साथ इलाज कराने शहडोल अस्पताल गई थीं। उनके पति बाहर रहते हैं, जिसके चलते घर सूना था। शाम को जब वे वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व पेटियों के ताले टूटे हुए थे।
पीड़िता के मुताबिक चोर घर में रखे करीब दो तोला सोने के जेवर, लगभग दो किलो चांदी के आभूषण और पीतल व फूल के करीब 15 नग बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि वारदात गांव की बस्ती के बीच स्थित मकान में दिनदहाड़े हुई, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ गई है।

पीड़िता ने शुक्रवार रात ही जैतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई लेकिन शनिवार सुबह तक पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करने नहीं पहुंची थी। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस न तो गश्त बढ़ा रही है और न ही पुराने मामलों का खुलासा कर पा रही है। लगातार दूसरी बड़ी चोरी के बाद अब लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us