श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सिविल अस्पताल ब्यौहारी में सात माह की मासूम बच्ची की उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर ड्यूटी डॉक्टर से मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना देख अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया।
इस मामले में पुलिस ने मृत बच्ची की मौत को लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं दूसरी ओर ड्यूटी डॉक्टर विकास गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने मनोज एवं मुन्ना के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज और मारपीट करने की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि बच्ची की मौत के बाद अस्पताल में डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है।







