SUBSCRIBE NOW

Home » राज्य » मध्य प्रदेश में आग उगल रहा मौसम, 40 जिलों में लू का कहर, दोपहर में घरों में रहने की सलाह

मध्य प्रदेश में आग उगल रहा मौसम, 40 जिलों में लू का कहर, दोपहर में घरों में रहने की सलाह

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है।आंधी-बारिश का दौर थमते ही प्रदेश के ज्यादातर जिले भीषण गर्मी और लू की गिरफ्त में आ गए हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज गर्मी और गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को करीब 40 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई जिलों में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सबसे ज्यादा गर्मी महसूस होगी। लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। खासतौर पर इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में 15 से 17 मई तक तीव्र लू का असर रहने की संभावना जताई गई है। नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, हरदा और झाबुआ में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।

 9 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार
प्रदेश में गुरुवार को कई शहरों में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़े। शाजापुर और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री और रायसेन-दमोह में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

रात में भी नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट भी जारी किया है। यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा और लोगों को उमस व गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, विदिशा, सागर, सीहोर, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, मंदसौर, नीमच, छतरपुर, सतना, रीवा और सिंगरौली समेत कई जिलों में दिनभर गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल जैसे जिलों में तेज गर्मी तो रहेगी, लेकिन फिलहाल लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

बारिश के बाद अचानक बदला मौसम
प्रदेश में अप्रैल के आखिरी सप्ताह से लेकर मई के शुरुआती दिनों तक लगातार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला। 14 दिनों में से 12 दिन मौसम बदला रहा, लेकिन अब सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। फिलहाल मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई है।

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us