श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 20 दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर में शादी की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं और हाथों की मेहंदी तक नहीं छूटी थी कि बेटी की मौत से परिवार में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार गीतांजली पटेल, पति सुधीर पटेल, उम्र 28 वर्ष, वार्ड क्रमांक 04 भोगिया ब्यौहारी की रहने वाली थी। उसका विवाह 20 अप्रैल को पास के गांव आमडीह में हुआ था। शादी के बाद वह चार दिन पहले अपने मायके भोगिया आई हुई थी।
बताया गया कि घटना वाले दिन सुबह उसके माता-पिता तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए हुए थे। इसी दौरान घर में मौजूद गीतांजली ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद उसकी भाभी कमरे की तरफ पहुंची तो गीतांजली का शव फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पहले से चल रहा था इलाज मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक राजकुमार ठाकुर ने बताया कि परिजनों के अनुसार गीतांजली शादी से पहले से बीमार रहती थी। उसका इलाज भी चल रहा था और झाड़-फूंक भी करवाई जा रही थी। परिजनों ने फिलहाल ससुराल पक्ष पर किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।







