श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- महू। सिमरोल रोड ब्रिज पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक सवार तीन युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
फरियादी मुरली ने अपने दोस्त मनीष पुत्र मिश्रीलाल के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे उसके रिश्तेदार कृष्णा, सुमित और मोहित तीनों एक साथ मोटरसाइकिल एमपी-09-क्यूआर-2048 से महू से ग्राम घोसीखेड़ा जा रहे थे। कृष्णा बाइक चला रहा था। उनके पीछे मुरली दूसरी मोटरसाइकिल से बहन अर्चना गिरवाल को साथ लेकर जा रहा था।
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
सिमरोल रोड ब्रिज पर सामने से आ रही कार एमपी-11-जेडएच-4294 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गिरकर घायल हो गए। कृष्णा को पैर और नाक में, सुमित को सिर में तथा मोहित को सिर व चेहरे पर चोट आई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के प्रत्यक्षदर्शी अर्चना गिरवाल एवं कल्लू पिता रामकरण हैं। मुरली ने घायलों को तत्काल मध्य भारत अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी दीपक राठौड़ ने बताया कि घटना के बाद कार को थाने लाया गया। पूछताछ में कार चालक ने खुद को धरमपुरी विधायक का भांजा बताया है। हमने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।











