श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- कटनी। कटनी से बीना जा रही मेमू ट्रेन में बवाल हो गया। वेंडरों और यात्रियों के बीच ट्रेन के अंदर विवाद हो गया और ट्रेन जब रीठी थाना क्षेत्र के बकलेहटा स्टेशन पहुंची तो दोनों पक्षों में हंगामा शुरू हो गया। कुछ युवक विवाद के कारण ट्रेन के इंजन में घुस गए, जिसके चलते ट्रेन स्टेशन पर एक घंटे तक खड़ी रही। पुलिस के पहुंचने पर असामाजिक तत्व मौके से भाग निकले, इसके बाद ट्रेन आगे रवाना हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी कटनी से रवाना हुई और रात तक मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेती रही।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार कटनी से बीना जाने वाली मेमू ट्रेन संख्या 61620 में कटनी से रीठी स्टेशन के बीच किसी बात को लेकर दमोह के यात्रियों और सालीया के अवैध वेंडरों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान वेंडरों ने मारपीट करते हुए किसी धारदार वस्तु से एक-दो लोगों पर हमला कर दिया।
वेंडरों और यात्रियों के बीच पथराव
बवाल के बीच ट्रेन शाम 7:30 बजे रीठी के बाद बकलेहटा स्टेशन पहुंची, जहां दमोह के कुछ युवक उतरे और मेमू के इंजन में घुस गए। इसके चलते ट्रेन चालक ने ट्रेन रोक दी और कंट्रोल को सूचना दी। इस दौरान वेंडरों और यात्रियों के बीच पथराव भी हुआ।
प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे
जानकारी लगते ही रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही असामाजिक तत्व मौके से भाग गए। घटना में दो लोग घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने डायल 112 से रीठी अस्पताल पहुंचाया। करीब एक घंटे की देरी के बाद मेमू ट्रेन को रात 8:30 बजे आगे रवाना किया गया। खबर लिखे जाने तक आरपीएफ और जीआरपी की टीम कटनी से मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही थी।











