श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। जबलपुर शहर के धनवंतरी नगर चौक पर मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देर रात करीब 1 बजे उस समय हुआ, जब कुछ युवक अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज रफ्तार से एक कार चौराहे की ओर आई और अनियंत्रित होकर वहां खड़े युवकों की ओर बढ़ गई। स्थिति को भांपते हुए कुछ युवक तो मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन तीन युवक कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर खड़ी मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घायल को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया
इस हादसे में महाराजपुर निवासी गणेश प्रसाद और एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। वहीं गणेश प्रसाद का बेटा शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार (एमपी 20 जेडबी 2934) को जब्त कर लिया है और आरोपी कार चालक किशन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार करोंदा निवासी अरविंद चौधरी के नाम पर पंजीकृत है। आरोपी चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पानी पीने रुके थे, बन गया हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, घायल शुभम और उसके पिता गणेश प्रसाद एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए क्षेत्र में आए थे। समारोह के दौरान प्यास लगने पर वे पानी पीने के लिए धनवंतरी नगर चौक पर रुके थे। इसी दौरान यह भयावह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने पहले मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मारी और उसके बाद भी ड्राइवर ने गति कम नहीं की। तेज रफ्तार कर भागते हुए पलट गई।
अनियंत्रित कार कुछ दूरी तक घसीटते हुए आगे बढ़ी और अंततः एक दीवार से टकराकर रुक गई। इस दौरान शुभम और उसके पिता भी कार की चपेट में आ गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप है कि ड्राइवर पूरी तरह नशे में था और ठीक से बात करने की स्थिति में भी नहीं था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।











