श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह -: शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान में चोरी हुई है। चोरों ने शटर तोड़कर दुकान से लगभग डेढ़ लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन चुरा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना डिग्री कॉलेज के सामने मुन्ना लाला परिसर में स्थित आकाश गुप्ता की मोबाइल दुकान में हुई। दुकानदार रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह आसपास के लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ।
काउंटर में रखी करीब 1.40 लाख नकदी गायब
दुकानदार आकाश गुप्ता के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि काउंटर में रखी करीब 1.40 लाख रुपये की नकदी गायब थी। यह रकम किसी व्यापारी को देने के लिए रखी गई थी। दुकानदार के अनुसार, कुछ मोबाइल फोन भी चोरी हुए हैं।
सीसीटीवी कैमरे शॉर्ट सर्किट से बंद था
घटना की सूचना मिलते ही बुढार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे शॉर्ट सर्किट के कारण पिछले कुछ दिनों से बंद थे, जिससे घटना की कोई फुटेज नहीं मिल पाई।
पुलिस अब आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नाराज व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।







