श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- शहडोलः जिले में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल सवार पति-पत्नी की घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि उनकी 13 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मासूम बेटी काफी देर तक अपने माता-पिता के शव के पास बैठकर मदद व पुलिस के आने का इंतजार करती रही।
इस मार्मिक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र के देंवगवा गांव निवासी लल्लू बैगा अपनी पत्नी सरस्वती बैगा और 13 वर्षीय बेटी सोहनी के साथ मोटरसाइकिल से धनपुरी अपने भाई के घर जा रहे थे।
जिले के केशवाही चौकी क्षेत्र के मंझौली गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लल्लू बैगा और उनकी पत्नी सरस्वती बैगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी सोहनी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर ही विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। वहीं घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। यह घटना मंगलवार रात की है।







