श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- रतलाम। थाना स्टेशन रोड क्षेत्र के उकाला रोड निवासी 30 वर्षीय मोईन काजी पुत्र अनीस काजी ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले मोईन ने करीब सात मिनट का एक वीडियो बनाया, जो देर रात करीब 1 बजे इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। मृतक ने वीडियो किसे भेजा था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने मार्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे कि बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मोईन काजी ने मरने से पहले बनाए वीडियो में अपनी पत्नी फरहीन से बातचीत करते हुए कई बातें कही हैं। वीडियो में वह पत्नी से कहता दिखाई दे रहा है कि वह उनके बीच के विवाद को बातचीत से सुलझाना चाहता था, लेकिन पत्नी अपने भाई और माता-पिता को बुलाकर उनके साथ चली गई। इसके बाद ससुराल पक्ष द्वारा उसे डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
वीडियो में मोईन यह भी कहता है कि वह मजबूरी में यह कदम उठा रहा है और चाहता है कि उसके बच्चे खुश रहें। वह अपनी 13 साल की शादी का जिक्र करते हुए कहता है कि कई बार उसकी पत्नी मायके चली जाती थी और उसे बच्चों से बात भी नहीं करने देती थी। वीडियो में वह जहर की गोलियां दिखाते हुए कहता है कि उसके ऊपर कोई कर्ज नहीं था, बल्कि पारिवारिक विवाद के कारण वह परेशान था।
पत्नी और ससुराल पक्ष को ठहराया जिम्मेदार
मोईन ने वीडियो में अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है। साथ ही उसने अपने बच्चों की जिम्मेदारी अपनी मां और भाइयों को देने की बात कही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
यह वीडियो रात में वाट्सएप ग्रुपों में वायरल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा, जिसके बाद शव स्वजनों को सुपुर्द किया जाएगा।







