श्रेया न्यूज़ नीलू राठौर shahdol : मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में पशु क्रूरता का एक मामला सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दो महिलाएं एक पिल्ले को रस्सी से बांधकर चलती स्कूटी के पीछे घसीटते हुए ले जाती नजर आ रही हैं। इस अमानवीय घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार यह घटना शहर की पाश कॉलोनी लालबाग क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि स्कूटी चला रही महिला के साथ पीछे बैठी महिला भी मौजूद है। पिल्ला स्कूटी के पीछे रस्सी से बंधा हुआ सड़क पर घिसटता नजर आ रहा है। वीडियो में पीछे बैठी महिला तड़पते हुए पिल्ले को देखती भी दिखाई दे रही है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने महिलाओं को रोकने के लिए आवाजें भी लगाईं। लोगों ने उन्हें वाहन रोकने के लिए कहा, लेकिन महिलाओं ने किसी की बात नहीं सुनी और स्कूटी चलाती रहीं। इस पूरी घटना का वीडियो 6 मार्च की रात सामने आया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
घायल हालत में मिला पिल्ला
घटना की जानकारी स्थानीय पत्रकारों के व्हाट्सएप ग्रुप में मिलने के बाद पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद स्थानीय पत्रकार रात में ही पिल्ले की तलाश में लालबाग कॉलोनी पहुंचे। कुछ समय बाद पिल्ला एक स्थान पर डरा-सहमा बैठा मिला। घसीटे जाने के कारण उसके शरीर पर कई चोटें आई थीं। बाद में उसका उपचार कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
औद्योगिक थाना प्रभारी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शक्ति नगर निवासी पत्रकार विजय मीणा, अदिति मिश्रा और अमित निगम की शिकायत पर दो महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान राजबाग कॉलोनी निवासी दीपिका पति नितेश पाटीदार और पूजा पति श्रवण पांचाल के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







