श्रेया न्यूज़ नीलू राठौर shahdol : शहडोलःनशा मुक्त भारत का संदेश लेकर देशभर में पैदल यात्रा कर रहे पल्लव देव का शुक्रवार को शहडोल आगमन हुआ। उनके शहडोल पहुंचते ही शहर में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। समाजसेवी एवं पार्षद सिल्लू रजक के नेतृत्व में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनका हौंसला बढ़ाया। पल्लव देव असम के श्रीभूमि से पूरे भारत में नशा मुक्ति का संदेश लेकर पदयात्रा कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा पांच मई 2025 से प्रारंभ हुई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर कर
स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण करना है।
शहडोल में युवाओं और समाजसेवियों ने नशा मुक्ति के इस अभियान की सराहना करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विकास जोतवानी, मुकेश द्विवेदी, शुभम सौंधिया, सुबोध सिंह, साहिल, महेश सेनापति, अमन यादव, भगवान जोतवानी, दीपक, निर्मल और मुन्ना सिंह सहित कई युवा शामिल रहे। पल्लव देव ने कहा कि आज देश का युवा यदि नशे की गिरफ्त में फंस जाता है तो उसका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। इसलिए समाज के सभी लोगों को मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है, इसे नशे में बर्बाद करने के बजाय अच्छे कार्यों में लगाएं। पल्लव देव ने बताया कि उनकी यह पदयात्रा देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंग, धाम, राम मंदिर, शक्ति पीठ, अमरनाथ और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचेगी।







