श्रेया न्यूज़ नीलू राठौर shahdol : जबलपुर जिले में कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं 28 फरवरी को समाप्त हो गई हैं। इसके बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया छह मार्च से शुरू की जा रही है। यह कार्य 15 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस वर्ष जिले में करीब 65 हजार छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी है। शिक्षा विभाग द्वारा जिले के 2481 स्कूलों को 63 क्लस्टरों में विभाजित किया गया है।
इन क्लस्टरों के अंतर्गत कॉपियों की जांच के लिए 314 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। मूल्यांकन कार्य के लिए शिक्षकों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। बीआरसी स्तर पर यह प्रक्रिया चल रही है कि किस विकासखंड की उत्तर पुस्तिकाएं दूसरे विकासखंड के मूल्यांकन केंद्रों पर भेजी जाएंगी। आंकड़ों के अनुसार इस बार कक्षा पांचवीं की परीक्षा में 33,997 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि कक्षा आठवीं में 30,965 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है।
राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार मूल्यांकन केंद्रों का निर्धारण कर मूल्यांकन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। समय-सीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूरा कराने के लिए जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) ने सभी बीआरसी को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है।
शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि शुक्रवार से मूल्यांकन कार्य प्रारंभ कराया जाए और इसके लिए बैठक आयोजित कर शिक्षकों की ड्यूटी तय की जाए, ताकि निर्धारित समय में कॉपियों की जांच का कार्य पूरा हो सके।
12वीं में भूगोल सहित अन्य विषयों के पेपर में 3221 में से 3106 विद्यार्थी शामिल
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा के अंतर्गत गुरुवार 5 मार्च को कक्षा 12वीं की परीक्षा आयोजित की गई। इस दिन भूगोल, स्टिल लाइफ एवं डिजाइन तथा शरीर संरचना विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 29 केंद्र शहरी क्षेत्र में और 35 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में संचालित हुए।
परीक्षा के लिए कुल 3221 विद्यार्थियों का पंजीयन था, जिनमें से 3106 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 115 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। शहरी क्षेत्र के 29 केंद्रों पर 1300 विद्यार्थियों में से 1198 उपस्थित रहे और 102 अनुपस्थित रहे। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के 35 केंद्रों पर पंजीकृत 1921 विद्यार्थियों में से 1908 ने परीक्षा दी, जबकि 13 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।







