श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- डिंडौरी। जिले के अमरपुर चौकी मुख्यालय में संचालित शासकीय आईटीआई भवन के कमरे में एक शिक्षक का शव सोमवार की सुबह फांसी पर लटका मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने बताया कि मृतक अनिल आदिवासी उम्र 26 वर्ष मूलतः शिवपुरी जिले के निवासी थे। वे आईटीआई अमरपुर में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे और आईटीआई भवन में ही एक कमरे में अकेले रह रहे थे। उनका विवाह नहीं हुआ था।
दरवाजा और फोन न मिलने पर हुई सूचना
आईटीआई स्टाफ द्वारा सुबह सूचना दी गई कि संबंधित शिक्षक न तो दरवाजा खोल रहे हैं और न ही फोन रिसीव कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया और दरवाजा खोलकर देखा तो शिक्षक गमछे के सहारे पंखे पर फांसी पर लटके हुए नजर आए। बताया गया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई हो सकेगी।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस द्वारा मृतक का मोबाइल भी मौके से जब्त किया गया है। फिलहाल शिक्षक के फांसी लगाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







