श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- शहडोलः जिला अस्पताल परिसर में जहां तहां कचरे का अंबार लगा हुआ है तो कहीं नाली जाम पड़ी हैं। जिसके कारण मच्छर पनप रहे हैं। यह हालत मलेरिया विभाग के ठीक सामने देखे जा सकते हैं। हालांकि इस तरह के हालत अस्पताल परिसर में अंदर कई जगह नजर आ जाएंगे लेकिन जिम्मेदार इसकी अनदेखी कर रहे हैं। जिस ठेका कंपनी को जिला अस्पताल के अंदर साफ सफाई को जिम्मा दिया गया है उसके कर्मचारियों का यह काम है कि वह अस्पताल के अंदर व बाहर दोनों जगह साफ-सफाई पर ध्यान दे लेकिन इस कंपनी के सफाई कर्मचारी और सुपरवाइजर को इस बात से लेना देना नहीं है। हालत बेहद खराब हैं। जिस विभाग को मच्छर मारने का जिम्मा दिया गया है उसी विभाग के सामने ही मच्छर पनप रहे हैं।
नाली का पानी बहता है सड़क परः
यह बात गौर करने लायक है कि नाली जाम होने से पानी जो अस्पताल से निकलता है, जिसमें कई तरह के संक्रमण होने का खतरा रहता है वह पानी सड़क पर बहता है और लोगों को इसी गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। ई-वैक्सीन कक्ष के ठीक सामने ट्रांसफार्मर के पास गंदा पानी नाली में जाम हो रहा है जो बहकर सड़क पर फैल रहा है। यह हाल पिछले कई दिनों से है पर स्वच्छता टीप्स को यह नजर नहीं आता है। स्वच्छता टीम सिर्फ अस्पताल में मशीन से पोछा लगाने के काम में जुटी रहती है।
आक्सीजन प्लांट के बगल में जाम नालीः
आक्सीजन प्लांट के ठीक बगल में एक नाली जिससे अस्पताल का संक्रमित पानी निकास होता है वह भी लंबे समय से जाम पड़ी है। इस नाली से होकर ही पांडवनगर बस्ती के अंदर से होता हुआ अस्पताल का पानी तालाबों तक जाता है और फिर तालाब गंदे कर देता है। प्रबंधन को चाहिए कि नगरपालिका के साथ मिलकर ड्रेनेज सिस्टम को ठीक कराए ताकि अस्पताल परिसर और बस्ती के अंदर के लोग संक्रमण से मुक्त रहें। अभी फिलहाल इस सबकी अनदेखी की जा रही है।
< ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने के लिए बड़ी योजना पर काम होना है। इसको लेकर भोपाल तक पत्राचार किया गया है। आने वाले समय में इस पर काम होगा।
– डा. शिल्पी सराफ, सिविल सर्जन जिला अस्पताल।







