श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- शहडोलः जिले की जैतपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, घर से लापता 17 साल की किशोरी को पुलिस ने छह दिनों के अंदर दस्तयाब कर परिजनों के हवाले किया है। किशोरी जैतपुर से लापता हुई और अमलाई के एक गांव से दस्तयाब की गई है। पुलिस के अनुसार छह दिनों पहले फरियादी निवासी थाना जैतपुर ने थाना पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। स्वजन द्वारा लगातार खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था। फरियादी ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। गंभीरता को देखते हुए थाना जैतपुर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर लगातार पतासाजी की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार अपहृत किशोरी को ग्राम अंतरिया, थाना अमलाई क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई कर उसे परिजन को सौंप दिया।









