SUBSCRIBE NOW

Home » Viral » Chhindwara News: बुधवारी बाजार में आधी रात आग का तांडव, सात दमकलों ने पांच घंटे में पाया काबू

Chhindwara News: बुधवारी बाजार में आधी रात आग का तांडव, सात दमकलों ने पांच घंटे में पाया काबू

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-     शहर के बुधवारी बाजार स्थित भारत रुई भंडार में देर रात भीषण आग लग गई। रुई और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली। सात दमकलों की मदद से सुबह पांच बजे आग पर काबू पाया गया। संकरी गलियों से राहत कार्य प्रभावित रहा, नुकसान का आकलन जारी है।

शहर के सबसे व्यस्त बुधवारी बाजार इलाके में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात आग ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरी रात अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाजार स्थित भारत रुई भंडार में देर रात करीब 12:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। दुकान में रखी रुई और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को तेजी से फैलने का मौका दिया और देखते ही देखते लपटें आसमान छूने लगीं।

सात दमकलों ने संभाली कमान, सुबह पांच बजे मिला काबू
सूचना मिलते ही नगर निगम की तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने पड़े। कुल सात फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पाया जा सकाI

संकरी गलियां बनीं चुनौती
बुधवारी बाजार की तंग गलियों और घनी आबादी के कारण दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की लपटें पास-पड़ोस के मकानों तक पहुंचने का खतरा पैदा कर रही थीं। स्थानीय लोगों ने भी बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग फैलने से रोकने में सहयोग किया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सुधीर जैन, सीएसपी अजय राणा, एसडीओपी भारती जाट और कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्र की घेराबंदी कर भीड़ को दूर रखा गया और सुरक्षा इंतजाम किए गए।

आग के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना ने शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों और आपात प्रतिक्रिया तंत्र की तैयारी पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us