श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। हाइवे पर स्थित भारती रेस्टोरेंट के सामने खेत में लगे पंप पर अचानक करंट फैलने से 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने के लिए दौड़े पड़ोसी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
मृतक की पहचान राहुल कुशवाहा, पिता मुन्ना कुशवाह के रूप में हुई है। घायल युवक राघवेंद्र कुशवाहा (56 वर्ष) भी उसी के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर दो बजे के करीब राहुल खेत में लगे पंप के पास अपनी गाड़ी धो रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई। जब बिजली वापस आई तो किसी को अंदेशा भी नहीं था कि एक झटका पूरे परिवार की खुशियां छीन लेगा। जैसे ही करंट सप्लाई शुरू हुई, राहुल पंप के संपर्क में था और वह तेज बिजली प्रवाह की चपेट में आ गया।
इस हृदय विदारक घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है। राहुल परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। घर में मातम पसरा है और परिजन सदमे में हैं। कुछ ही पलों में एक हंसता-खेलता किशोर हमेशा के लिए खामोश हो गया।
चंदिया थाना प्रभारी जेएस परस्ते ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करंट की चपेट में आने से एक युवक की मृत्यु हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा बिजली सप्लाई शुरू होने के दौरान लापरवाही या तकनीकी खामी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।









