श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल :- मध्य प्रदेश में रायसेन जिले के सतलापुर थाना इलाके में तेज रफ्तार कार सवार ने रास्ते से जा रहे एचईजी कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे 5 फीट उछलकर दूर जा गिरे। इसके बाद उसने कार को रिवर्स लेकर दोबार उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
रायसेन। रायसेन जिले के सतलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। शिव मल्टी केयर हॉस्पिटल के ठीक सामने एक कार चालक ने सड़क पर जा रहे एचईजी कंपनी के कर्मचारी को पहले कार से जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह 5 फीट ऊपर उछलकर रोड पर गिरा। इसके बाद उसने कार रिवर्स लेकर उसे दोबारा कुचल दिया और फिर मौके से भाग निकला।
हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है, जो एचईजी कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कृष्ण पाल सड़क पर गिर गए, लेकिन कार ड्राइवर यहीं नहीं रुका। उसने कार मोड़कर दोबारा युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ड्राइवर को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सतलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आसपास मौजूद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मंडीदीप का ही निवासी है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







