श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- जबलपुर में हत्या के आरोप में जेल में बंद शिब्बू खान ने जेल से छूटने के बाद फायरिंग और बमबाजी करके दहशत फैलाई। मामले में जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो वह भागने लगा और डिवाइडर से टकराकर घायल हो गया।
जबलपुर। जमानत पर जेल से बाहर आए हत्या के आरोपित ने फायरिंग और बमबाजी कर दहशत फैलाई। घटना गढ़ा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बुधवार की रात को आरोपित शिब्बू खान को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपित शिब्बू आपराधिक प्रवृत्ति का है। शिब्बू ने वर्ष 2024 में छुई खदान सिद्धेश्वर मंदिर निवासी दिनेश झारिया की अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे जेल भेज दिया गया था। कुछ दिन पूर्व जमानत पर जेल से रिहा होकर घर आया था।
मारपीट के बाद की फायरिंग
सोमवार को वह अपने साथी अतुल साहू, बल्लू तिवारी और अंशुल के साथ छुई खदान पहुंचा। वहां रहने वाले जमुना प्रसाद पटेल उर्फ लालू और उसके साथी प्रांशु के साथ विवाद किया। दोनों से मारपीट करने के बाद आरोपित शिब्बू ने फायरिंग की। फिर धमकाते हुए चला गया। मामले की पुलिस में शिकायत की गई। जिसकी भनक लगने पर वह मंगलवार को जमुना प्रसाद और प्रांशु को ढूंढते हुए उनके घर पहुंचा। घर के बाहर खड़े होकर फायरिंग की। घर में बम पटका और दहशत फैलाते हुए भाग गया। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश तेज कर दी।
रात में उसके ठिकाने पर पहुंची पुलिस
गुरुवार की रात को पुलिस उसके ठिकाने पर पहुंची। पुलिस से बचने के लिए आरोपित शिब्बू ने वहां से भागने का प्रयास किया। तभी डिवाइडर से टकराकर घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस उसे मेडिकल अस्पताल लेकर गई। उपचार के बाद शुक्रवार को आरोपित को गिरफ्तार किया गया।





