श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- शहडोलः शिक्षण सत्र 2025-26 की कक्षा पांचवीं-आठवीं की परीक्षा बोर्ड पैटर्न मर होगी। परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होगी और 28 फरवरी तक चलेगी। डीपीसी अमरनाथ सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों के साथ-साथ निजी स्कूलों एवं मदरसों के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय के पृथक प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। अन्य विषयों के प्रश्न पत्र राज्य द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के आधार पर बनाए गए हैं।
‘ परीक्षा के लिए एक विशेष आइटी पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल से विद्यार्थियों का सत्यापन, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, केंद्रध्यक्षों की मैपिंग, सामग्री वितरण, रोल नंबर एवं प्रवेश पत्र जारी करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उपस्थिति दर्ज करने, मूल्यांकन कार्य एवं अंकसूची जारी करने की व्यवस्था भी इसी पोर्टल से की जाएगी। कोई विद्यार्थी यदि किसी कारणवश परीक्षा तिथि तक पंजीकृत नहीं हो पाया है, तो उसे भी परीक्षा में शामिल करने के निर्देश केंद्राध्यक्षों को दिए गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों की तकनीकी जानकारी परीक्षा उपरांत दर्ज की जाएगी।







