श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- शहडोलः जिले में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह के समय कोहरे की चादर इतनी घनी रही कि विजिबिलिटी 50 मीटर से भी काफी कम दर्ज की गई। इसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक बेहद सतर्क नजर आए और कई स्थानों पर वाहन लाइट जलाकर चलते दिखाई दिए।
हाईवे और प्रमुख मार्गों पर भी यातायात सामान्य से कम रहा। सुबह के समय सड़कों पर बहुत कम लोग नजर आए, जिससे शहर की रफ्तार थमी-सी लगी। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया। सुबह की ठंड और कोहरे के कारण टहलने और दैनिक कामों के लिए निकलने वाले लोग भी घरों से कम ही निकले। हालांकि 10 बजे के बाद मौसम खुल गया और धूप आ गई, लेकिन ठंडी हवा चलने के कारण दिनभर ठंड का एहसास होता रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार मौसम में बदलाव है और बीच-बीच में आसमान में बादल भी आ-जा रहे। बूंदाबादी भी हुई है, जिससे किसानों में यह उम्मीद थी वर्षा होगी, लेकिन अभी तक यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी है। किसानों के अनुसार इस समय वर्षा होने से गेहूं सहित सभी फसलों को लाभमिलेगा। लगातार मौसम में बदलाव बना हुआ है और बीच में ऐसी स्थिति बनी की वर्षा होगी, लेकिन बूंदाबांदी ही हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना है।






