श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के नरसरहा स्थित मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन (MPWLC) के गोदाम में आग लग गई। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को पांच घंटे से अधिक का समय लगा। इस घटना में गोदाम में रखा बारदाना, धान और बीज जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना गुरुवार तड़के की है।
8 से अधिक दमकल वाहनों को बुलाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के गोदाम परिसर से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते तेज लपटों में बदल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए 8 से अधिक दमकल वाहनों को बुलाया गया।
गोदाम में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग बार-बार भड़कती रही, जिससे इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रिलायंस कंपनी की फायर टीम से भी मदद मांगी गई। अतिरिक्त संसाधनों के साथ पहुंची इस टीम ने आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग किया।
5 घंटे बाद आग पर पाया काबू
कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग को सीमित दायरे में लाया गया, लेकिन इस पर पूरी तरह से देर सुबह तक ही काबू पाया जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. केदार सिंह और एसडीएम सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने प्राथमिक तौर पर किसी जनहानि से इनकार किया है, हालांकि आर्थिक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
MPWLC-1, 2 और 3 गोदाम आग की चपेट में आए
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। यह गोदाम MPWLC की शहडोल शाखा के अंतर्गत आता है, जिसकी कुल भंडारण क्षमता लगभग 2800 मैट्रिक टन है। नरसरहा परिसर में स्थित MPWLC-1, 2 और 3 गोदाम आग की चपेट में आए हैं।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और इसे अज्ञात कारणों से लगी आग बताया जा रहा है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।







