SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » फोटो लेने के शक में विवाद, युवक की मौत:धान खरीदी केंद्र प्रभारी ने किया हमला, बीच-बचाव करने आया था युवक

फोटो लेने के शक में विवाद, युवक की मौत:धान खरीदी केंद्र प्रभारी ने किया हमला, बीच-बचाव करने आया था युवक

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-       शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र के तिखवा गांव में धान खरीदी केंद्र के पास हुए विवाद में बीच-बचाव करने आए एक युवक की इलाज के दौरान आठ दिन बाद मौत हो गई। यह विवाद मोबाइल से फोटो लेने के शक में शुरू हुआ था। पुलिस ने आरोपी धान खरीदी केंद्र प्रभारी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 जनवरी को हुई थी। जमोड़ी निवासी अशोक पाल अपने दोस्तों के साथ तिखवा गांव स्थित धान खरीदी केंद्र के पास मौजूद था। इसी दौरान अशोक ने अपने मोबाइल फोन से कुछ तस्वीरें लीं।

आरोप है कि धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा ने इसे केंद्र की फोटो खींचना मान लिया और इस पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद और मारपीट में बदल गई। प्रभारी ने अशोक पाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मौके पर मौजूद अशोक के दोस्त वहां से भाग गए और उन्होंने घटना की सूचना अशोक के भाई दिनेश पाल को दी। जानकारी मिलते ही दिनेश पाल मौके पर पहुंचा और अपने भाई के साथ हो रही मारपीट का विरोध किया।
इसी दौरान, आरोप है कि धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा ने दिनेश पाल के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दिनेश मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दिनेश पाल की हालत नाजुक होने के कारण उसे पहले रीवा और बाद में जबलपुर रेफर किया गया। शनिवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव गांव पहुंचने के बाद ब्यौहारी में चक्का जाम करने की बात कही है। पपौंध थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us