श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मध्य प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल पचमढ़ी की सिनेरिटी होटल में सोमवार सुबह एलपीजी सिलेंडर में धमाका हो गया। इससे वहां मौजूद कुक और महाराष्ट्र के बुलढ़ाना से आए चार पर्यटक घायल हो गए। हादसे में होटल भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घायलों का इलाज पचमढ़ी के अस्पताल में किया जा रहा है।
नर्मदापुरम। हिल स्टेशन पचमढ़ी के एक होटल में सोमवार सुबह करीब 8.30 को एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक में इसका असर हुआ। होटल को काफी नुकसान पहुंचा है।
हादसे में सिनेरिटी होटल में ठहरे महाराष्ट्र के बुलढाना के एक परिवार के चार लोग घायल हो गए। एक कुक भी आग में झुलस गया है। पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पचमढ़ी अस्पताल ले जाया गया।
थाने के पास स्थित है होटल
होटल सिनेरिटी पचमढ़ी थाने से महज 200 मीटर दूर है। यह होटल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पचमढ़ी के सहायक संचालक संजीव शर्मा का है, जिसे कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल पिछले डेढ़ साल से किराए से चला रहे हैं। फिलहाल में पुलिस जांच में जुटी है।
घायलों को पिपरिया रेफर किया गया
नर्मदापुरम से फोरेंसिक टीम रवाना हो चुकी है। तहसीलदार भी पहुंच रहे हैं। वहीं, घायलों को पिपरिया रेफर किया गया है। होटल में किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस को एक कमर्शियल सिलेंडर मिला है। ब्लास्ट की ठोस वजह का पता लगाया जा रहा है।











