श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक प्रयास को नाकाम करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। टंकी तिराहा के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप से पांच मवेशियों को मुक्त कराया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने टंकी तिराहा पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की।
पिकअप से मिले पांच मवेशी
चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 18 जीए 5997 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में पांच मवेशी पाए गए, जिन्हें अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
करीब पांच लाख की बरामदगी
उप निरीक्षक मोहन पड़वार ने बताया कि जब्त किए गए पिकअप वाहन और मवेशियों सहित कुल बरामदगी की कीमत लगभग पांच लाख रुपए आंकी गई है। मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।







