श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. केदार सिंह ने एसआईआर (संक्षिप्त पुनरीक्षण) कार्य में तेजी लाने और टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई पहल की है। प्रशासन ने पहली बार चुनावी कार्य को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की सफारी से जोड़कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को प्रोत्साहन देने का निर्णय लिया है।
कलेक्टर की घोषणा के अनुसार, जिन राजस्व सर्कलों ने मैपिंग सहित फॉर्म अपलोड कर 100% एसआईआर कार्य समय पर पूरा किया है, उनके प्रथम पांच प्रभारी अधिकारियों को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का विशेष दौरा कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 100% लक्ष्य प्राप्त करने वाले प्रथम तीन बीएलओ सुपरवाइजरों को भी परिवार सहित सफारी का तोहफा मिलेगा।
तकनीकी चुनौतियों के बीच शत-प्रतिशत SIR अपलोड
शहडोल जिले में एसआईआर कार्य को लेकर प्रशासन इस बार पूरी तरह सक्रिय और मिशन मोड में है। मैदानी कर्मचारियों को कई क्षेत्रों में तकनीकी समस्याओं, नेटवर्क कनेक्टिविटी और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद, कुछ टीमों ने रिकॉर्ड समय में 100% अपलोड कार्य पूरा किया है।
इस मेहनत को सम्मानित करने के लिए कलेक्टर ने सफारी भ्रमण के साथ-साथ चयनित टीमों को प्रशस्ति पत्र देने की भी घोषणा की है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के सकारात्मक प्रोत्साहन से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और भविष्य में मतदान संबंधी कार्यों की गुणवत्ता व गति में सुधार होगा।
बांधवगढ़ की सफारी जिले के कर्मचारियों के लिए केवल एक भ्रमण नहीं, बल्कि उनके उत्कृष्ट कार्य का सम्मान होगी। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि आगामी चुनावी गतिविधियों में भी इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता को बनाए रखें, ताकि शहडोल जिले को प्रदेश के मॉडल जिलों में शामिल किया जा सके।







