श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह -: शहडोल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. केदार सिंह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को सम्मानित करने की घोषणा की है। यह एक अनूठी पहल है जिसके तहत शीर्ष 100 बीएलओ को पुरस्कृत किया जाएगा।
जिले के वे प्रथम 100 बीएलओ, जिन्होंने मैपिंग के साथ 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण का कार्य समय पर पूरा किया है, उन्हें पवित्र स्थल अमरकंटक का भ्रमण कराया जाएगा। ये बीएलओ अपने परिवारजनों के साथ मां नर्मदा के उद्गम स्थल, माई की बगिया सहित अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन करेंगे। इसके अतिरिक्त, सभी को एक प्रेरणादायी फिल्म भी दिखाई जाएगी।
इसी क्रम में, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिला मुख्यालय स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 184 का निरीक्षण किया। उन्होंने एसआईआर अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति का मौके पर जाकर मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में और सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने जोर दिया कि गणना पत्रक के आधार पर प्राप्त समस्त सूचनाओं को बीएलओ ऐप में शत-प्रतिशत दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने मौके पर ही बीएलओ ऐप में प्राप्त डेटा को अपने सामने अपडेट करवाया और कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। डॉ. सिंह ने मतदाताओं की संख्या, गणना पत्रकों का वितरण, प्राप्त फॉर्म, लंबित कार्यों और आगे की कार्यवाही से संबंधित विस्तृत जानकारी भी बीएलओ से प्राप्त की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची शुद्धिकरण की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक बीएलओ को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके क्षेत्र में रहने वाले सभी पात्र मतदाताओं के नाम सही रूप से सूचीबद्ध किए जाएँ और किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।
अमरकंटक भ्रमण और मूवी कार्यक्रम की इस घोषणा से जिले के बीएलओ में काफी उत्साह का माहौल है। बीएलओ का कहना है कि यह पहला अवसर है जब उच्च गुणवत्ता का कार्य करने पर उन्हें प्रोत्साहन के रूप में ऐसा सम्मान मिल रहा है।







