श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- दिल्ली में लाल किला ब्लास्ट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में शहडोल जिला प्रशासन और पुलिस ने भी जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शहर के होटल, लॉज, रैनबसेरा और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।
बुधवार देर रात से ही कोतवाली पुलिस ने शहर के प्रमुख होटलों और लॉजों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने वहां ठहरे यात्रियों के नाम-पते, मोबाइल नंबर और पहचान पत्र की जानकारी रजिस्टर से मिलान की। कई स्थानों पर रजिस्टर अधूरे पाए जाने पर होटल संचालकों को फटकार लगाई गई। उन्हें चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ठहरने वाले व्यक्तियों का आईडी थाने में जमा करना अनिवार्य
कलेक्टर ने भी सभी होटल और लॉज संचालकों को आदेश जारी करते हुए कहा है कि प्रतिदिन ठहरने वाले व्यक्तियों का पूरा विवरण संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से जमा कराना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सावधानी के तौर पर की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
इसके अतिरिक्त, पुलिस टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी जांच अभियान चलाया। बसों और ट्रेनों में सवार यात्रियों के बैगों की जांच की गई और कई स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें।
देखिए जांच की 2 तस्वीरें…

एसपी बोले- जिले में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण
एसपी ने बताया कि जिले में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह की चिंता की बात नहीं है। हालांकि, सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज की नियमित जांच करने और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।







