श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना सोमवार रात की है। दरअसल, किसान पुरुषोत्तम नामदेव (48) अपने मवेशी को घर की गौशाला में बांध रहे थे। मवेशी अचानक छूटकर भाग गया। पुरुषोत्तम उसके पीछे गए।
रात के अंधेरे में वह पड़ोसी के खेत की बाड़ी में लगे जीआई तार को नहीं देख पाए। तार में बिजली का करंट फैला हुआ था। करंट की चपेट में आते ही मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पड़ोसी के खेत की बाड़ी में मिला शव
मृतक के बेटे दुर्गेश नामदेव ने बताया कि जब पिता देर रात तक घर नहीं लौटे, तो वह खोजने निकला। उन्हें पड़ोसी के खेत की बाड़ी के पास मृत अवस्था में पाया गया। परिजनों ने तुरंत चंदिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदिया भेजा गया है।









