श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के भमरहा गांव में पुलिस ने गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। मुखबिर से मिली पक्की सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव के एक व्यक्ति के घर पर छापा मारा, जहां बाड़ी से गांजे का एक बड़ा पेड़ बरामद किया गया। इसकी ऊंचाई लगभग 8 फीट और गांजे के फल का वजन करीब डेढ़ किलो बताया गया है।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के बाद की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि राम बोध साहू नाम का व्यक्ति अपने घर के पीछे की बाड़ी में गांजे का पौधा उगा रहा है।
मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने जांच की तो अन्य पेड़ों के बीच छिपाकर उगाए गए इस पौधे को पहचानना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन गांजे की तेज गंध से उसकी पहचान हो गई।
बताया गया है कि आरोपी ने अपनी बाड़ी में कई दूसरे पेड़ भी उगा रखे थे, जिससे गांजे के पेड़ को छिपाया जा सके। पुलिस ने पूरी सतर्कता से छानबीन की और गांजे के पेड़ को जब्त कर थाने लाया गया।
इसके बाद आरोपी के खिलाफ NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टेंसेज) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कोई नई घटना नहीं है।
शहडोल जिले में पहले भी गांजे की खेती के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीने पहले गोहपारू थाना क्षेत्र में भी एक खेत से कई बड़े गांजे के पेड़ बरामद किए गए थे, जिनकी लंबाई भी करीब 8 फीट थी।
पुलिस ने दो टूक कहा है कि गांजे की खेती पूरी तरह अवैध है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के संपर्क में कोई गिरोह या बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।







