श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह -: Indore News: इंदौर के खजराना इलाके में गुरुवार सुबह महिलाओं ने एक एसआई की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि एसआई सुरेश बुनकर एक महिला के घर में आपत्तिजनक हालत में था और नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहा था।
इंदौर के खजराना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 6 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब महिलाओं ने एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की जमकर पिटाई कर दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, महिलाओं ने एसआई सुरेश बुनकर को डंडों से पीटा, उसे बिजली के खंभे से बांधने की कोशिश की और उसके कपड़े उतारने तक का प्रयास किया। यह घटना क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना गई।
एसआई नशे की हालत में था
जानकारी के अनुसार, एसआई सुरेश बुनकर खेड़ी इलाके में एक महिला के घर पर मौजूद था, जिसका अपने पति से विवाद चल रहा है। बताया गया है कि पिछले दो महीनों से सुरेश उस महिला के संपर्क में था और उसके घर आना-जाना कर रहा था। गुरुवार सुबह महिला के परिजन और पड़ोसियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों का आरोप है कि सुरेश नशे में था और गालियां दे रहा था, साथ ही उसकी स्थिति आपत्तिजनक थी, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
पलासिया से बुलाई गई अतिरिक्त फोर्स
एसआई की पिटाई की सूचना पर खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भारी भीड़ के विरोध के चलते प्रारंभ में वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकी। बाद में पलासिया कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद बड़ी मुश्किल से सुरेश बुनकर को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले जाया गया। इस दौरान पिटाई करने वाली कुछ महिलाओं को हिरासत में भी लिया गया है।
पहले भी पिट चुका है यह एसआई
दो साल पहले एसआई सुरेश बुनकर का नशे की हालत में ड्यूटी के दौरान कुछ युवाओं से विवाद हो गया था। लसूड़िया इलाके में सिंगापुर टाउन के पास यह घटना हुई थी। उस समय कुछ युवाओं ने उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। इस दौरान बुनकर को काफी चोटें आई थीं। लसूड़िया पुलिस ने युवाओं पर केस दर्ज किया और इलाके में उनका जुलूस निकाला था। पता चला था कि एसआई युवाओं को धमका रहा था, जिस पर विवाद हुआ था।







