श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: राजेंद्र ग्राम के लोहारिन टोला में रविवार को नदी में डूबे चार वर्षीय मासूम जितेश का शव तीन दिन बाद जोहिला नदी में मिला। शौच के दौरान चाचा ने बच्चे को छोड़ दिया था। एसडीआरएफ की दो दिन की तलाश के बाद ग्रामीणों ने शव को नदी में उतराता पाया।
राजेंद्र ग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहारिन टोला में रविवार को चार वर्षीय मासूम नदी में डूब गया था। इसका शव तीन दिन बाद नदी तट पर ग्रामीणों ने देखा जिसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
दो दिनों तक चला रेस्क्यू अभियान
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रविवार और सोमवार को मासूम की तलाश को लेकर के कई घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन बारिश के कारण जहां बीच-बीच में सर्च अभियान को बंद करना पड़ा वहीं दूसरी ओर घंटों तलाश के बाद भी मासूम का कोई भी पता नहीं चल पा रहा था।
कई किलोमीटर दूर जोहिला नदी में मिला शव
नाला में डूबे चार वर्षीय बालक जितेश पिता लखन मरावी निवासी ग्राम लोहारिन टोला के शव को मंगलवार प्रातः लगभग 5.15 बजे जोहिला नदी में स्थानीय लोगों द्वारा उतराता देखा गया, जिसे परिजनों द्वारा रिकवर कर ली गई है। एनडीआरएफ के जिला कमांडेंट राम नरेश भवेदी ने बताया कि यह नदी आगे चलकर जोहिला नदी में मिल जाती है जिसके कारण सर्च अभियान में सफलता प्राप्त नहीं हुई, क्योंकि यह काफी बड़ी नदी है।








