सीमा सिंह शहडोल -: accident news शहडोल जिले के बुढ़ार क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ की मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हो गया। बुढार थाना क्षेत्र के इमली टोला निवासी राजू प्रसाद केवट अपने साले डीओ केवट के साथ जेल बिल्डिंग के पास खेत में स्थित बोरवेल से नहाने गए थे।
तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे शरण लेने गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। राजमिस्त्री का काम करने वाले 45 वर्षीय राजू प्रसाद की मौके पर मौत हो गई। उनके साले डीओ केवट घायल हो गए।
काफी देर तक दोनों के घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। राजू के पुत्र ने खेत पहुंचकर देखा तो घटना की जानकारी लगी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बुढार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बुढार थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मर्ग कायम किया गया है।







