सीमा सिंह शहडोल -: (craim news) शहडोल के अखेटपुर गांव में एक नवविवाहिता के कमरे का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपए के गहने और नकदी चोरी हो गए।
ब्यौहारी थाना पुलिस के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कृष्ण बहादुर पटेल के बेटे की शादी 6 मई को हुई थी। उनका बेटा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नौकरी करता है। शादी के बाद बहू अपने गहने लेकर ससुराल आई थी। कुछ दिन पहले रस्मों के तहत बहू को मायके ले जाया गया था। बेटा भी रायगढ़ अपने काम पर लौट गया था।
कृष्ण बहादुर ने बताया कि वे लोग आंगन में सो रहे थे। बहू का कमरा कुछ दूरी पर है। रात में चोर घर में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर गहने चुरा ले गए। चोरों की आहट किसी को सुनाई नहीं दी। सुबह जागने पर कमरे का ताला टूटा और दरवाजा खुला मिला। कमरे में सामान बिखरा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, चोर करीब 9 तोला सोना, 1 किलो चांदी और 5 हजार रुपए नकद ले गए हैं। कुल मिलाकर चोरी का सामान करीब 10 लाख रुपए का है। कृष्ण बहादुर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।







