शैली पांडेय शहडोल
Youtuber Jyoti Malhotra News: हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है। ज्योति पर देश के साथ गद्दारी करने का आरोप लगा है। कहा जा रहा है कि ज्योति पाकिस्तान के संपर्क में थी और भारत से संवेदनशील जानकारी दुश्मन को दे रही थी।
- हरियाणा पुलिस ने किया है ज्योति को गिरफ्तार
- अब तक की पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे
- पाक के मददगार अन्य गद्दारो की खुल रही पोल
ब्यूरो, हिसार (Youtuber Jyoti Malhotra News): पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई ट्रैवल यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ में साफ हो गया है कि पहलगाम हमले (Pahalgam Terror Attack) और ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के दौरान वह पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों के संपर्क में थी।
पहलगाम हमले के पहले जनवरी में वह कश्मीर भी गई थी और वहां का वीडियो भी इंटरनेट पर शेयर किया था। वह तीन बार पाकिस्तान जा चुकी है, चीन भी गई थी। अपनी यात्राओं में उसने कहां क्या-क्या जानकारी किस-किस से शेयर की, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
हरियाणा के नूंह से एक और जासूस गिरफ्तार
इस बीच, पुलिस ने हरियाणा के नूंह से एक और जासूस को गिरफ्तार किया है। इसका नाम अरमान राजाका है। पुलिस को इसके मोबाइल से सैन्य ठिकानों की फोटो व जानकारियां मिली हैं। सेना से जुड़े कुछ वीडियो भी मिले हैं, जिन्हें पाकिस्तान में शेयर किया गया था।

इस तरह ज्योति पर गहराया शक
- पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों से ज्योति ने सेना से जुड़ी जानकारियां शेयर की हैं या नहीं, इसे लेकर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। ज्योति से पूछताछ के लिए दिल्ली व जम्मू-कश्मीर से जांच एजेंसियां भी हिसार पहुंची हैं।
- पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि अब तक जांच में सामने आया है कि ज्योति के इनकम से अधिक खर्चे थे। उसके पास पैसे कहां से आए, इसकी जांच की जा रही है।
- ज्योति से पूछताछ के दौरान कई और नंबर मिले हैं, जो संदिग्ध हैं। इन नंबरों पर ज्योति की बातचीत और चैट होती थी। पुलिस ज्योति को दिल्ली भी ले जा सकती है। तीन बार पाकिस्तान जा चुकी ज्योति ने चौथी बार वहां जाने के लिए पाक हाई कमीशन में वीजा अप्लाई किया था, लेकिन वीजा नहीं लगा।
- वीजा लगवाने के लिए ही वह छह मार्च को दिल्ली गई थी। पुलिस ज्योति के सभी दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है।

पाकिस्तान में मरियम से भी मिली थी
एक साल पहले ज्योति मल्होत्रा करतारपुर कॉरिडोर के टूर पर गई थी और वहां पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ से भी मिली थी। मरियम पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी हैं। ज्योति ने मरियम से बातचीत भी की थी। ज्योति वहां पाकिस्तान के यू-ट्यूबर से भी मिली थी और उसे भारत आने का न्योता भी दिया था।

पाकिस्तान के बहावलपुर से आया था परिवार
आजादी के बाद पाकिस्तान के बहावलपुर से ज्योति का परिवार आया था। परिवार ने पहले पंजाब के फरीदकोट में निवास किया, बाद में वे हिसार में स्थायी रूप से बस गए। उसके दादा, ताऊ और चाचा सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त हुए हैं।
ज्योति का परिवार फरीदकोट में लगभग पांच साल रहा। हिसार में परिवार पहले डोगरान मोहल्ला, फिर आजाद नगर में रहा, लेकिन भाई से मतभेद के बाद 20 साल पहले ज्योति के पिता ने न्यू अग्रसेन कालोनी में 55 गज के दो कमरे का मकान बनाया।

ज्योति की उम्र 33 वर्ष है। पिता ने कई बार उसे शादी के लिए कहा, लेकिन हर बार कोई न कोई बहाना बना कर वह मना कर देती। इस बात को लेकर बेटी से कई बार उनकी कहासुनी भी हुई थी।








