सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के अमलाई थाना क्षेत्र में चार महीने पहले हुई एक महिला की हत्या का मामला सुलझ गया है। अमलाई थाना क्षेत्र के अमराडंडी की रहने वाली कमला बाई की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके प्रेमी राहुल शर्मा को गिरफ्तार किया है।
घटना के समय एक बच्चे की मां कमला बाई अपने घर में मृत पाई गई थी। शुरुआत में यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ था। पुलिस जांच में कमला और राहुल के बीच प्रेम संबंध का खुलासा हुआ।
शादी का दबाव बना रही थी महिला
पूछताछ में राहुल ने बताया कि कमला उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई। वारदात के दिन राहुल ने कमला का मुंह कंबल से दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसने इस घटना को सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की।
अमलाई पुलिस ने चार महीने की जांच, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी जे.पी. शर्मा ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव की पड़ताल के बाद यह गिरफ्तारी की गई है।







