सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के धनगवा हनुमान मंदिर में शनिवार सुबह एक नवजात बच्ची मिली। मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालुओं ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। वे जब पास गए तो देखा कि एक दिन की नवजात बच्ची कपड़ों में लिपटी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। डायल हंड्रेड की पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को जिला अस्पताल के नवजात देखभाल यूनिट में भर्ती कराया।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप सिखा नामदेव के अनुसार बच्ची की उम्र करीब एक दिन है। प्रारंभिक जांच में बच्ची स्वस्थ पाई गई है।
बुढार थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ 75 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस एक विशेष टीम का गठन कर रही है। आसपास के अस्पतालों से रिकॉर्ड मंगवाए गए हैं। पुलिस क्षेत्र में पूछताछ कर रही है।
घटना की जानकारी सुबह 8 बजे पुलिस को मिली। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है। लोग सवाल कर रहे हैं कि कोई मां अपने नवजात को मंदिर में क्यों छोड़ गई।







