सीमा सिंह शहडोल -: RDVV Jabalpur: रानी दुर्गावती के नाम से जिस विश्वविद्यालय को पहचाना जाता है, उसी की एक परीक्षा में रानी दुर्गावती को लेकर विवादित सवाल पूछा गया। बीएससी द्वितीय वर्ष के फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा में पूछा गया कि रानी दुर्गावती का मकबरा कहा है। सवाल में समाधि की जगह मकबरा शब्द का उपयोग हुआ है, जिससे विद्यार्थी और सामाजिक संगठन नाराज हैं।
- परीक्षा में रानी दुर्गावती के बारे में गलत जानकारी देने से विवाद।
- विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों की भूमिका पर उठ रहे सवाल।
- परीक्षा नियंत्रक ने जांच के लिए नोटिस जारी करने की बात कही।
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की परीक्षा में एक सवाल ने बवाल खड़ा कर दिया है। तीन मई को बीएससी द्वितीय वर्ष के फाउंडेंशन कोर्स की परीक्षा में महिला सशक्तिकरण के पेपर में रानी दुर्गावती से जुड़ा एक सवाल था। इसमें रानी दुर्गावती का मकबरा कहा है यह पूछा गया। सवाल में समाधि की जगह मकबरा शब्द का उपयोग हुआ है।
हिंदी ही नहीं अंग्रेजी शब्द में भी गलती हुई है। इस प्रश्न के चार विकल्प थे, प्रश्न में ऊर्दू शब्द मकबरा के होने से विद्यार्थी परेशान हुए बाद में जब यह अन्य संगठनों को जानकारी लगी तो विश्वविद्यालय में आपत्ति दर्ज करवाइ गई। परीक्षा विभाग इसे गलती मानते हुए पेपर बनाने वाले से लेकर विषय के अध्ययन मंडल तक से जवाब मांगने का दावा कर रहा है।

विवि जिसके नाम उसी पर गलत सवाल
रानी दुर्गावती के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण है। ऐसे में उन्हीं रानी से जुड़े सवाल में गलती से विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों पर सवाल उठ रहा है। परीक्षा में यह प्रश्न पूछे जाने से स्टूडेंट्स, सामाजिक संगठन और इतिहास प्रेमी नाराज हैं।
वे इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि वीरता और बलिदान की प्रतीक रानी दुर्गावती को ‘मकबरे’ से जोड़ना न केवल ऐतिहासिक अज्ञानता को दर्शाता है, बल्कि यह मातृ शक्ति और जनआस्था का भी अपमान है।

मांग रहे जवाब
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ. रश्मि मिश्रा ने कहा कि यह सवाल गलत है मकबरा शब्द का उपयोग नहीं होना चाहिए। अब देखा जाएगा कि पेपर किसने बनाया और किसने की जांच की है। हम इस मामले में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेंगे।







