सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले के जैतपुर और ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बीते शनिवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया है। जैतपुर के रसमोहनी गांव में एक परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में गया था। रविवार सुबह लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा और सामान बिखरा मिला। चोर करीब 30 हजार रुपए की नकदी और सामान लेकर फरार हो गए।
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में दूसरी वारदात हुई। आरती सिंह के घर से चोरों ने सोने-चांदी के जेवर समेत करीब एक लाख रुपए का सामान चुरा लिया। वे गांव गई थीं और घर में ताला लगा था।
पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पिछले माह कोतवाली थाना क्षेत्र में डीएसपी और टीआई के घर से भी लाखों की चोरी हुई थी।
पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ने में असफल रही है। स्थानीय लोगों में का कहना है कि अब उन्हें अपने घरों में मजबूत ताले और सीसीटीवी कैमरे लगवाने पड़ेंगे।
अमलाई पुलिस ने शनिवार को गोलीकांड के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते अनीश कुमार सिंह को गोली मारी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। घटना अमलाई OPM के सब्जी ग्राउंड के पास की है।
आरोपियों ने अनीश पर हमला कर उसके पैर में गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल अनीश को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बबलू उर्फ कन्हैया शर्मा (43), बल्ली उर्फ सूर्यप्रताप सिंह (42), गोपालू (39) और विजय उर्फ बिज्जू पनिका (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 5 हजार रुपए कीमत का 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा के अनुसार, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। वे इस मामले में कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएंगे।
आरोपी बबलू ग्राम धनगवां का रहने वाला है। गोपाल और विजय रॉवल मार्केट के पास रहते हैं। बल्ली प्रियदर्शनी कॉलोनी का निवासी है। सभी आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।







