सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले की ओपीएम कॉलोनी में बुधवार रात एक ठेकेदार को गोली मार दी गई। घटना पार्क के पास की है। घायल युवक की पहचान अनीस सिंह (25) के रूप में हुई है। वह ओपीएम में ठेकेदारी का काम करता है और बी टाइप कॉलोनी में रहता है।
अमलाई थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान लखन दफाई इंटा भट्टा निवासी बबलू उर्फ कन्हैया के रूप में हुई। वह अनूपपुर जिले के जैतहरी के पास के एक गांव का रहने वाला है। आरोपी कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया है।
घटना के समय अनीस और बबलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान बबलू ने अपने कट्टे से अनीस के बाएं पैर में गोली मार दी। घटना के वक्त आरोपी के साथ उसके कुछ साथी भी मौजूद थे।
परिजन घायल अनीस को शहडोल के मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सहायक उपनिरीक्षक भैरव सिंह ने बताया कि अभी घायल के बयान नहीं हुए। पूछताछ में पता चला कि उसे टेस्ट और अन्य जांच के लिए वार्ड से बाहर ले जाया गया है।







