SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » रेप के आरोपी का पिता बोला- ऐसी औलाद नहीं चाहिए:बहनों को जमाने से बचने की नसीहत देता; खुद निकला 6 लड़कियों का दुष्कर्मी

रेप के आरोपी का पिता बोला- ऐसी औलाद नहीं चाहिए:बहनों को जमाने से बचने की नसीहत देता; खुद निकला 6 लड़कियों का दुष्कर्मी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीमा सिंह शहडोल -:

मेरे घर की औरतें बाहर निकलें तो हाथ के नाखून तक परदे में होने चाहिए। ये हिदायत खुद फरहान देता था। बहनों को बिना परदा घर से बाहर नहीं निकलने देता था। कहता था- जमाना लड़कियों के लिए सेफ नहीं है। पुलिस से पता चला कि वो खुद जमाने की लड़कियों के लिए खतरा है।

भोपाल के चर्चित लव जिहाद, बलात्कार और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के मामले में मुख्य आरोपी फरहान खान के पिता रिजवान खान ये कहते हुए शर्म और गुस्से से भर गए। रिजवान ऑटो ड्राइवर हैं। उनका बेटा फरहान 6 लड़कियों से बलात्कार के केस में मुख्य आरोपी है।

दैनिक भास्कर ने फरहान के पिता रिजवान और पड़ोसियों से बात की। ये समझने की कोशिश की कि फरहान की इन हरकतों के बारे में उन्हें कब से अंदेशा था, वो उसके बारे में क्या सोचते हैं…
मां और बहन से 7 घंटे पूछताछ फरहान भोपाल के प्रतिष्ठित कॉलेज से एमबीए कर रहा है। पहले इसी कॉलेज से बीबीए कर चुका है। पिता रिजवान खान ऑटो ड्राइवर हैं। एक छोटी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। पुलिस ने मां और बहन दोनों से 7 घंटे पूछताछ की है।

इस केस में सबसे पहले फरहान ही गिरफ्तार हुआ था। फरहान पर आरोप है कि उसने लड़कियों को ब्लैकमेल कर उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए हैं। ये सारी लड़कियां एक ही कॉलेज की पढ़ने वाली हैं। इसके अलावा दूसरे जितने आरोपी पकड़े गए हैं, वो सब भी फरहान के दोस्त हैं।
संकरी गली में मस्जिद के बगल में बना घर अशोका गार्डन में छोटा चंबल के पास फरहान का घर है। 60 फीट की रोड फरहान का मोहल्ला शुरू होने के साथ ही 15-20 फीट की हो जाती है। हम अशोका गार्डन की एक विकसित कॉलोनी से अचानक झुग्गी बस्ती में आ गए थे। जैसे-जैसे अंदर घुसे तो गलियां अंधेरी और संकरी होती गईं।

कच्चे-पक्के मकानों के बीच आलीशान मस्जिद बनी हुई है। इसी मस्जिद के ठीक बगल में फरहान का घर है। घर के पीछे के दरवाजे पर कैमरा लगा है। मस्जिद के सामने की 5 फीट की गली से होकर उसके घर का रास्ता जाता है। 200 स्क्वायर फीट में बने तीन मंजिला मकान में फरहान और उसका परिवार रहता है।

सोचा नहीं था कि औलाद ऐसी निकलेगी फरहान के पिता रिजवान ने कहा- मैं सोचता था कि मेरा लड़का पढ़ने के साथ पढ़ाई का खर्चा
भी खुद उठा रहा है। बस्ती में उसका किसी के साथ फालतू उठना-बैठना भी नहीं था। गिनती के दो-तीन दोस्त थे, उनके साथ भी काम से काम रखता था। मैं उसकी इन सब आदतों से मन ही मन बड़ा खुश रहता था कि लड़का सही रास्ते पर है।

सिर्फ अपने काम से काम रखता है। जो अपनी बहन को जमाने से बचकर रहने की सलाह देता था, वही दूसरों के घर की लड़कियों के साथ बलात्कार करता था। उनके वीडियो बनाता था। मैंने तो ये सोचा भी नहीं था। मेरी औलाद ऐसी निकलेगी।

अगर मुझे थोड़ा भी अंदाजा हो गया होता कि वो ऐसा कर रहा है, तो मैं उसके कॉलेज, दोस्त सब छुड़वा देता। पर अब देर हो गई है। अब जो सही होगा कानून करेगा।

रिजवान खान फरहान के पिता

दुःख तो ये है कि उसे कोई अफसोस तक नहीं रिजवान बोले- जिस दिन पुलिस ने फरहान को पकड़ा, उस दिन मैं थाने गया था। पुलिस ने पहले शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में उसे पकड़ा था, लेकिन जब बताया कि उसने क्या किया है, उसके बाद मैं थाने नहीं गया। उसकी जमानत कराने भी नहीं। मुझे नहीं चाहिए ऐसी औलाद।

मुझे इस बात का ज्यादा दुःख है कि उसे अपनी गलती का कोई अफसोस तक नहीं है।

वह कह रहा था कि उसे पता होता कि ये लड़कियां पुलिस को शिकायत कर देंगी, तो वह उनके वीडियो पहले ही वायरल कर देता। मैं ये सुनकर हैरान रह गया।

रिजवान खान

फरहान के पिता
महंगी बाइक और लेटेस्ट आईफोन रखता था फरहान के पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया- वह मोहल्ले में ज्यादा दिखता ही नहीं था तो उसके व्यवहार के बारे में कैसे बता सकते हैं। कभी यहां होता भी था तो किसी से बातचीत नहीं करता था। उसका किसी से कोई लड़ाई झगड़ा नहीं था। उसके पास आईफोन और महंगी बाइक थी।

फरहान के परिवार के बारे में पूछने पर पड़ोसी और मोहल्ले वाले बोले- उसका परिवार भी किसी से ज्यादा बोलचाल नहीं रखता है। हमारे घर की औरतें बाहर बैठकर बात कर सकती हैं, लेकिन उनके घर की औरतें बाहर निकलती हैं तो हाथ के नाखून तक ढंके रहते हैं। वे घर की औरतों को बहुत सख्ती से पर्दे में रखते हैं।

100 मीटर में तीनों आरोपियों के घर

फरहान के घर से 100 मीटर की दूरी पर ही मामले के दो अन्य आरोपी साद और साहिल के घर भी हैं। साद का घर फरहान के घर की गली से अगली गली में है। उसी के पास साहिल अपने रिश्तेदार के घर में रहता है। साद के भाई की पान की गुमटी है।

मैकेनिक साद की दोस्ती बीबीए स्टूडेंट से देखकर हैरानी हुई

साद के घर जाने से पहले हम अशोका गार्डन थाने गए थे। पुलिस उसे मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल लेकर गई थी। जाते वक्त और वापस आते समय साद के चेहरे पर न डर था और न ही शर्म थी। वह हंस रहा था और पुलिस वालों से अकड़ दिखाकर बात कर रहा था।

एक पड़ोसी ने बताया- साद मैकेनिक है। फरहान जब भी पुरानी कार-बाइक खरीदता या बेचता था तो साद को बुलाता था। इस तरह उनकी दोस्ती हुई। फरहान जिन लड़कियों को दोस्त बनाता था, उन्हें लाने और ले जाने के लिए भी साद को कह देता था।
साद के ही परिचित की बिल्डिंग में साहिल की डांस क्लास थी। साद ने 15 हजार रुपए महीने किराए पर डांस क्लास दिलाई थी। साद की गर्लफ्रेंड बड़े कॉलेज में बीबीए की स्टूडेंट थी। मुझे शुरू से कुछ गड़बड़ दिखती थी कि मामूली से 10वीं पास मैकेनिक की दोस्ती नामी कॉलेज की लड़की से कैसे हो गई?

अब मामला सामने आने के बाद पता चल रहा है कि फरहान लड़कियों को ब्लैकमेल करके साद के सुपुर्द करता होगा।

डांस के नाम पर साहिल बार में भेजता था लड़कियां

फरहान के दोस्त और मामले के अन्य आरोपी साहिल ने मार्च में अपने घर से 500 मीटर दूर 15 हजार रुपए महीना किराए पर कमरा लेकर डांस क्लास शुरू की थी। 6 महीने पहले उसकी डांस क्लास 5 महीने तक किराया नहीं भरने के कारण बंद हो गई थी। कॉलेज की स्टूडेंट्स डांस सीखने आती थीं। वह उन्हें इवेंट्स में डांस कर पैसे कमाने का लालच देकर जोड़ता था। इस केस की बाकी पीड़िताएं भी डांस क्लास से जुड़ी थीं।

डांस क्लास वाली बिल्डिंग में दूसरे ऑफिस भी हैं। उन ऑफिस से जुड़े लोगों ने बताया कि साहिल कभी किसी से बात नहीं करता था। हम उसे सिर्फ चेहरे से पहचानते थे। उसका नाम साहिल है, अब पता चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि वो गरीब नाबालिग स्टूडेंट्स को बार में भेजता था। जहां उनको लोगों से मिलवाकर संबंध बनाने के बदले 1000-1500 रुपए दिलवाता था। कुछ लड़कियों के वीडियो इस डांस क्लास के चेंजिंग रूम के भी मिले हैं। यही वो जगह थी जहां ये लेट नाइट पार्टी करते थे, नाबालिग लड़कियों को गांजा पिलाते थे।

इस डांस क्लास को बंद करने के बाद फरहान ने ट्विस्ट डांस एकेडमी खोली, जहां फिर से उसने यही खेल शुरू किया।

पुलिस को इस केस में आ रही अड़चनें

पुलिस इस केस में पीड़िताओं तक पहुंचना चाहती है, लेकिन पीड़िताएं पुलिस के पास नहीं आना चाहतीं। वे अपनी पहचान किसी को नहीं बताना चाहती।

दो लड़कियों ने शिकायत के बाद एफआईआर कराने से मना कर दिया है।

कुछ पीड़िताओं की सगाई हो गई है और कुछ की शादी।

कुछ पीड़िताओं ने तो आत्महत्या की बात तक कह दी, लेकिन शिकायत करने से मना कर दिया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us