सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती का शव शनिवार सुबह पेड़ पर लटके मिले। दोनों की लाश महुआ के पेड़ पर एक ही साड़ी के फंदे पर लटकी टेटका गांव में चरवाहे ने देखी। इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटनास्थल से पुलिस ने दोनों की चप्पलें बरामद की हैं। पुलिस ने शवों को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना पर ग्रामीण और मृतक युवक के परिजन बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए हैं।
महिला संगीता सिंह सीधी थाना क्षेत्र के झगड़ा गांव की रहने वाली है, मृतक युवक संदीप सिंह गोंड (20) जयसिंहनगर के बासनगरी गांव का रहने वाला है।
जयसिंहनगर थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि करीब 7 साल पहले युवती की शादी हुई थी। उसके 2 बच्चे भी हैं। 6 महीने पहले महिला के पति की मौत हो चुकी है। तबसे वह अपने दोनों बच्चों को लेकर झगड़ा गांव में ही रहती थी।
दोनों सोमवार से लापता थे
पुलिस ने बताया कि परिजन के अनुसार महिला सोमवार से गायब थी। वह सोमवार सुबह घर से फोटो कॉपी कराने के नाम पर घर से निकली थी।उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी।
वहीं दूसरी ओर युवक संदीप सिंह भी सोमवार से ही घर से लापता था। वह प्रदेश के बाहर कहीं काम करने गया था, वहां से वापस घर लौटा और कुछ काम है, बोलकर घर से निकला तो वह भी वापस नहीं आया।
महिला के परिजन युवक को नहीं जानते, पूछताछ जारी
थाना प्रभारी चतुर्वेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक महिला के परिजनों ने मृत युवक को पहचानने से इनकार कर दिया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ और जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान हुई है। दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।







