सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से भटककर आए हाथियों ने पश्चिम ब्यौहारी के सतखुरी गांव में किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है। करीब दो महीने से इस क्षेत्र में डेरा जमाए 15 हाथियों का झुंड अब तक यहीं विचरण कर रहा है।
बुधवार रात जब हाथी गांव में पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उन्हें भगाने का प्रयास किया। वन विभाग ने तीन टीमें तैनात की हैं। एक टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। दूसरी टीम गांववालों को सतर्क कर रही है। तीसरी टीम हाथियों के संभावित रास्तों पर पहले से ही लोगों को सावधान कर रही है।
किसानों को झोपड़ियों से हटाया जा रहा
एसडीओ रेशम सिंह धुर्वे के मुताबिक सुरक्षा के लिए खेतों की झोपड़ियों में रहने वाले किसानों को वहां से हटाया जा रहा है। हाथियों के आबादी वाले क्षेत्र में आने पर बिजली भी बंद करनी पड़ती है। इससे हाथियों को किसी तरह का नुकसान नहीं होता।
वन विभाग के अधिकारी किसानों को हुए नुकसान का पंचनामा बना रहे हैं। जल्द ही प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। हाथियों ने कई एकड़ फसल को नुकसान पहुंचाया है।







