सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल जिले में बर्ड फ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। झींकबिजुरी के बाद अब धनपुरी क्षेत्र के वार्ड 17 में भी कई मृत कौवे मिले हैं। स्थानीय निवासियों ने रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अपने घरों के बाहर कई मृत कौवे देखे।
इससे पहले जैतपुर क्षेत्र में कौवों की मौत की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। झींकबिजुरी में 100 से अधिक कौवों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।
विभाग की टीम ने झींक गांव के 35 घरों का सर्वे किया। राहत की बात यह है कि किसी भी घर में सर्दी-बुखार का मरीज नहीं मिला।
कंट्रोल रूम बनाया गया
जिला प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए विस्तृत प्रबंध किए हैं। डॉ. एसडी कंवर को जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी नियुक्त किया गया है। कंट्रोल रूम में मोहम्मद अशरफ और नरेंद्र वर्मा समन्वय का काम देखेंगे।
कलेक्टर करा रहे सर्व
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने आशा कार्यकर्ता, एएनएम और एमपीडब्ल्यू को प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।







