सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल के ब्यौहारी पुलिस ने शुक्रवार को चरका गांव में एक घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 58 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। जब्त की गई शराब की कीमत 50 हजार रुपए से अधिक है।
सहायक उपनिरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया के नेतृत्व में टीम ने घर की घेराबंदी की। आरोपी पंकज कोल पुलिस को देखकर घर के पिछले दरवाजे से भाग निकला। पुलिस को कमरे में रखे पलंग के नीचे से कार्टून में रखी अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं।
आरोपी के खिलाफ केस
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही शराब के स्रोत का पता चल पाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है।
अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार
इधर, केशवाही पुलिस ने शुक्रवार को पकरिहा गांव से एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। इस ट्रैक्टर से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी।
चौकी प्रभारी आशीष झारिया के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। चालक ट्रैक्टर को सड़क पर छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह नजदीकी नदी से रेत निकालकर वाहन मालिक के कहने पर उसका परिवहन कर रहा था। पुलिस ने चालक और वाहन मालिक दोनों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
चौकी प्रभारी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले ब्यौहारी पुलिस ने भी दो अलग-अलग स्थानों से रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए थे।







