सीमा सिंह,शहडोल- गोदावल मेला देखकर बाइक से लौट रहे एक परिवार को गहरवार कंपनी की बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शेषमणि वैश्य और उनकी दो वर्षीय बेटी आरती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा बुधवार दोपहर शहडोल जिले के ब्यौहारी का है। घटना खरपा चौराहे के पास हुई। बस उमरिया से सीधी जा रही थी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, बाइक सड़क के सही तरफ चल रही थी। हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को छोड़कर भाग गए। बस में 30 से 40 यात्री सवार थे। सभी को दूसरी बस से भेजा गया।
ग्रामीणों ने ब्यौहारी-सीधी मार्ग जाम किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
सैकड़ों ग्रामीणों ने ब्यौहारी-सीधी मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों की मांग है कि बस चालक की गिरफ्तारी के बाद ही जाम खोला जाएगा। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।
गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही हैं। पुलिस फरार आरोपी बस चालक की तलाश जारी है।







