Bhopal . 14 Dec 2024 . Saniya Ansari
भोपाल में कर्ज से परेशान होकर एक पुलिसकर्मी द्वारा फांसी लगाने का मामला सामने आया है। सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी से मानसिक तनाव की बात लिखी गई है।

भदाभदा स्थित बटालियन में रहने वाले एएसआई ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने आर्थिक परेशानी के कारण मानसिक तनाव होने का जिक्र किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कमला नगर पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय अनिल नागेराव भदभदा स्थित 25वीं बटालियन वाहिनी परिसर में रहते थे। वे एमपी पूल में एएसआई थे तथा वर्तमान में स्टेट गैरेज में एएसआई थे। शुक्रवार दोपहर वे घर से निकले थे। थोड़ी देर बाद उनका बेटा बाहर जाने के लिए गाड़ी लेने के लिए घर में बने गैरेज के पास गया। यहां पर उसने देखा कि गैराज का दरवाजा खुला हुआ है।
दरवाजा बंद करने के लिए जब वह नजदीक पहुंचा तो उसने देखा कि अंदर उसके पिता फन्दे पर लटके हुए हैं। उसने शोर किया तो परिवार के सभी लोग वहां पर पहुंच गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा पंचनामा बनाकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है जिममें उन्होंने आर्थिक तंगी के कारण मानसिक तनाव होने के कारण अपनी जाने देना बताया। बताया जा रहा है कि उन पर कर्ज भी था जिसके कारण वे परेशान रहते थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







