श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के जैतपुर वन परिक्षेत्र के बैराग गांव के मोहर टोला में रात के समय एक भालू अपने परिवार के साथ बस्ती में घूमता हुआ दिखाई दिया। एक वाहन चालक ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया है, जो सामने आया है।
वीडियो में तीन भालू सड़क पर चलते हुए दिख रहे हैं। वाहन चालक ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ जैतपुर लौट रहा था, तभी बैराग गांव के मोहर टोला बस्ती के अंदर सड़क पर भालुओं का यह परिवार दिखा। शुरुआत में चालक कुछ देर के लिए डर गया।
इसके बाद उसने अपने वाहन को धीरे-धीरे आगे बढ़ाना शुरू किया। जब वाहन की हेडलाइट की रोशनी भालुओं तक पहुंची, तो वे दौड़ने लगे और पास के एक जंगली रास्ते में चले गए।
स्थानीय ग्रामीण राम सरोज ने बताया कि उनके गांव में शाम होते ही भालू अपने परिवार के साथ अक्सर दिखते हैं। वन विभाग लगातार ग्रामीणों को इन भालुओं से सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
गौरतलब है कि बीते दिनों केशवाही वन परिक्षेत्र के बलबहरा गांव में एक महिला को भालू ने खींचकर जंगल में ले जाकर मार डाला था। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में वन विभाग की कई टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
रेंजर अंकुर तिवारी ने जानकारी दी कि विभाग क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहा है और लोगों को जंगल में न जाने की सलाह दे रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि इस क्षेत्र में भालुओं की संख्या काफी अधिक है।







